एसबीआई आरसेटी रुद्रप्रयाग में एफ.एल- सीआरपी कार्यक्रम का हुआ समापन
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
रुद्रप्रयाग भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई- आरसेटी) द्वारा आयोजित 6 दिवसीय वित्तीय साक्षरता – सीआरपी कार्यक्रम का आज भव्य समापन हुआ। यह कार्यक्रम ग्रामीण समुदायों के लिये वित्तीय प्रबंधन एवम स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित किया गया था।
समापन समारोह में लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह, आरसेटी निदेशक किशन सिंह रावत, लोकपाल रुद्रप्रयाग सी.पी. चमोली, और उपासक से नंदकिशोर थपलियाल उपस्थित रहे। लीड बैंक अधिकारी ने बताया कि वित्तीय साक्षरता के अभाव से समाज में आंनलाइन बैकिग धोखाधडी दिनो- दिन बढ रही है यह प्रशिक्षण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों में वित्तीय साक्षरता की जानकारी बढावा देगा एवम ऑनलाइन धोखाधडी से बचाने में कारगर साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान निदेशक किशन सिंह रावत ने प्रतिभागियों को बैंकों द्वारा प्रदान किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के लोन और उनकी विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यह प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और वित्तीय साक्षरता के लिए सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। निदेशक किशन सिंह रावत ने बताया कि बैंकों द्वारा उधारकर्ता की क्रेडिट प्रोफाइल का मूल्यांकन किया जाता है। इसमें सीबिल स्कोर, आय का स्रोत, और अन्य वित्तीय स्थिरता के कारक शामिल हैं। इस अवसर पर सभी प्रशिक्षार्थियों को वित्तीय टूल किट वितरित की गई, जिसके माध्यम से वे विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देंगे। आरसेटी निदेशक किशन सिंह रावत ने बताया कि यह टूल किट प्रशिक्षार्थियों को वित्तीय जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में आरसेटी की फैकल्टी भूपेंद्र रावत और उपासक से नंदकिशोर थपलियाल ने प्रशिक्षार्थियों को वित्तीय प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं, जैसे बचत, ऋण प्रबंधन, निवेश, और डिजिटल लेनदेन पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण सत्रों में विभिन्न टॉपिक्स एवम खेल के माध्यम से वित्तीय साक्षरता की जानकारी दी गयी। जनपद के एफ.एल. सी. विनोद कुमार गुप्ता द्वारा डिजिटल बैंकिंग, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेवाई), और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षार्थियों को इन योजनाओं के लाभ और महत्व के बारे में गहन जानकारी प्रदान की गई, जिससे उनकी वित्तीय समझ में सुधार हुआ।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को वित्तीय साक्षरता टूल किट व सार्टिफिकेट वितरण किया गया, इस अवसर पर एफ.एल. सी. विनोद कुमार गुप्ता,नंद किशोर थपलियाल, भूपेंद्र सिंह रावत, वीरेंद्र बर्तवाल, प्रवीन कप्रवान, संगीता देवी, सहित राजेश्ववरी देवी,रेखा देवी, रोशनी देवी, रेखा देवी, पूनम देवी, संतोषी देवी, अंजली देवी,करीना,अल्का देवी, सम्पति देवी आदि उपस्थित थे।

