SIR-2026: घोलतीर मतदान केंद्र पर अपर जिलाधिकारी ने परखी नोटिस सुनवाई की व्यवस्था
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 01 जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग में निर्वाचक नामावली के शुद्धीकरण एवं अद्यतन का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 04 अगस्त, 2026 को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम सिंह राणा द्वारा 08-रुद्रप्रयाग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या-159, घोलतीर का निरीक्षण कर नोटिसों की सुनवाई कार्यवाही का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों एवं कार्मिकों से नोटिसों के वितरण, प्राप्त दावे एवं आपत्तियों तथा उनकी सुनवाई की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि निर्वाचक नामावली त्रुटिरहित एवं अद्यतन तैयार हो सके।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सुनवाई प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखें तथा सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करें।
उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि यदि उन्हें निर्वाचन नामावली से संबंधित कोई दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करनी हो तो निर्धारित समयावधि के भीतर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अथवा निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करें, जिससे उनका समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।

