वरिष्ठ पत्रकार दिलावर सिंह बिष्ट का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
रुद्रप्रयाग से दुखद खबर सामने आई है। वरिष्ठ पत्रकार दिलावर सिंह बिष्ट का सोमवार देर रात हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि रात में अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद परिजन उन्हें श्रीकोट स्थित बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिलावर बिष्ट लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने वर्ष *2006-07 में पत्रकारिता की शुरुआत* की और करीब दो दशकों तक विभिन्न समाचार पत्रों एवं न्यूज चैनलों के साथ कार्य किया। उन्होंने दैनिक जागरण, शाह टाइम्स, दैनिक हॉक और लोक सत्य सहित कई समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा वे अनादि टीवी न्यूज चैनल से भी जुड़े रहे।
दिलावर बिष्ट की पहचान एक सरल, सहज और जमीनी पत्रकार*के रूप में थी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों और आमजन से जुड़े मुद्दों को अपनी पत्रकारिता में प्रमुखता से उठाया तथा स्थानीय समस्याओं और जनसरोकारों से जुड़े विषयों की लगातार रिपोर्टिंग की।
उनके निधन पर रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब समिति सहित पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिलावर बिष्ट का असामयिक निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। एक सक्रिय जमीनी पत्रकार और सरल स्वभाव के व्यक्ति के रूप में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
उनके निधन पर शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना नवक्रांति समाचार करता है ।

