सेवा संकल्प अभियान सीएमओ की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग ने की साफ-सफाई

सेवा संकल्प अभियान सीएमओ की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग ने की साफ-सफाई

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में स्वच्छता कार्यक्रम के तहत जनपद के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं चिकित्सा इकाईयों सहित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान की अगुवाई स्वयं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने की। उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की तथा परिसर से सटी सड़क के किनारे उगी झाड़ियों को काटकर आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया।

 

वहीं, विभिन्न चिकित्सा इकाईयों में भी सफाई अभियान चलाया गया व सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वच्छ एवं साफ-सुथरा वातावरण बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

 

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सीमा टेकचंदानी ने सभी को अपने कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।