राज्य स्तर पर दमखम दिखाएंगे रुद्रप्रयाग के खिलाड़ी, 140 से अधिक छात्र-छात्राएं देहरादून रवाना
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए रुद्रप्रयाग जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 140 से अधिक छात्र-छात्राएं देहरादून के लिए रवाना हुए। प्रतियोगिताओं का आयोजन देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में किया जाएगा। इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी सोनी मेहरा ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को ट्रैकसूट वितरित किए और बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी सोनी मेहरा ने बताया कि छात्र-छात्राओं को ट्रैकसूट उपलब्ध कराने में महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, जिला प्रशासन, एचडीएफसी बैंक और शिक्षकों का सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए देहरादून जा रहे हैं। यह आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाता है।
राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष विक्रम सिंह झिंकवाण ने बताया कि हर वर्ष राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को ट्रैकसूट वितरित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग जनपद के सभी ब्लॉकों से छात्र-छात्राएं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने जनपद स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया और बेहतर प्रदर्शन के बाद अब राज्य स्तर पर खेलने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से जनपद के छात्र-छात्राएं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी सोनी मेहरा ने बसों को हरी झंडी दिखाकर छात्र-छात्राओं को देहरादून के लिए रवाना किया।

