नगरासू इंटर कॉलेज में संकल्प कार्यक्रम के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन

नगरासू इंटर कॉलेज में संकल्प कार्यक्रम के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन

छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, बाल संरक्षण और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित 10 दिवसीय ‘संकल्प’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड अगस्त्यमुनि के राजकीय इंटर कॉलेज नगरासू में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को साइबर सुरक्षा, बाल अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट ने छात्रों को सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग पर सचेत किया। उन्होंने कहा कि “अधिकांश छात्र-छात्राएं सोशल मीडिया का उपयोग बिना सही जानकारी के कर रहे हैं, जिससे वे बहुत ही आसानी से साइबर अपराध के शिकार बन रहे हैं।” उन्होंने साइबर क्राइम की पहचान, उससे बचाव के उपायों और बाल विवाह निषेध अधिनियम की भी विस्तृत जानकारी छात्रों को दी।बाल कल्याण समिति की सदस्य ममता शैली ने नाबालिग बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के लिए समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं एवं सहायता के बारे में बताया।

इसके अतिरिक्त, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक ने 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे यह हेल्पलाइन बच्चों की किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराती है।सामाजिक कार्यकर्ता पूजा भंडारी ने अनाथ एवं एकल अभिभावक वाले बच्चों के लिए चलाई जा रही स्पॉन्सरशिप योजना के तहत दी जाने वाली सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

मिशन शक्ति से प्रियांशु द्वारा छात्राओं को नंदा गौरा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, तथा इग्नू के माध्यम से इंटरमीडिएट के बाद उच्च शिक्षा हेतु चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को सरकार द्वारा शैक्षिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है ताकि वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *