ब्रेकिंग न्यूज़ : यमुनोत्री चार धाम यात्रा मार्ग पर पहाड़ी टूटने से कई तीर्थ यात्री दबे, राहत बचाव कार्य जारी

ब्रेकिंग न्यूज़ : यमुनोत्री चार धाम यात्रा मार्ग पर पहाड़ी टूटने से कई तीर्थ यात्री दबे, राहत बचाव कार्य जारी

नवक्रान्ति समाचार

मानसून के शुरू होते ही उत्तराखंड में भूस्खलन का होना शुरू हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी चार धाम यात्रा मार्ग पर आ रही है। लगातार बारिश के चलते एक बार फिर चार धाम यात्रा मार्ग पर हादसा हुआ है। सोमवार दोपहर यमुनोत्री बदल मार्ग पर नौ कैंची के पास पहाड़ी टूट गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक मलबे में कुछ लोगों के दबने की सूचना है।

सूचना पर एसडीआरएफ व पुलिस मौके के लिए रवाना हो चुकी है। उत्तराखंड पुलिस ने बताया कि आज करीब 4 बजे यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग पर भैरव मन्दिर के निकट नौ कैंची पर भू-स्खलन/स्लाईडिंग हुआ है, कुछ यात्रियों के स्लाइडिंग के चपेट में आने की दुखद सूचना प्राप्त हुई है।

पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल सिंह गुसाईं का कहना है कि भूस्खलन के चलते दो से तीन लोगों के दबने की सूचना है।

सूचना पर जानकीचट्टी सहित अन्य जगहों से भी राहत एवं बचाव टीमों को रवाना किया गया है। बारिश के चलते रविवार को मुनकटिया के पास पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा आने से हाईवे अवरुद्ध हो गया।

पहाड़ी से लगातार बोल्डर आने से मलबा हटाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह भले ही कुछ यात्री वैकल्पिक मार्ग से केदारनाथ रवाना हुए किंतु 8 बजे पहाड़ी से बोल्डर गिरने के कारण मार्ग पर आवाजाही बंद रही।

सोनप्रयाग व गौरीकुंड के बीच सुबह शटल सेवाएं बाधित रही। कई यात्री मुनकटिया के वैकल्पिक पैदल से गौरीकुंड पहुंचे। हालांकि बारिश में आवाजाही जोखिम भरी हो रही है किंतु बड़ी संख्या में यात्रियों ने वैकल्पिक मार्ग से जाने का आग्रह पुलिस से किया। यहां यात्रियों को 6 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। दोपहर साढ़े बारह बजे यहां शटल सेवा शुरू हो सकी।

पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते दिक्कतें पैदा हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

आज देहरादून और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और चंपावत में भी भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूरे राज्य में आकाशीय बिजली और 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट लागू है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *