ब्रेकिंग न्यूज़ : केदारनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, दो साल के मासूम सहित सात की मौत
केदारनाथ / रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
केदारनाथ धाम क्षेत्र से बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां गौरीकुंड क्षेत्र में तीर्थ यात्रियों को ले जा रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। जिसमें पायलट समेत 07 यात्रियों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर में पायलट के अलावा 05 यात्रियों के साथ एक 23 माह का बच्चा भी था। एनडीआरएफ और एसडीआरफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। इस यात्रा सीजन में क्रैश लैंडिंग समेत क्रैश की यह चौथी घटना है। इससे पहले 08 मई को उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर क्रैश में 06 यात्रियों की जान चली गई थी।

बताया जा रहा है कि आर्यन कंपनी के हेलीकॉप्टर ने रविवार सुबह 05 बजकर 30 मिनट पर 05 यात्रियों और एक 23 माह के बच्चे को लेकर केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरी थी। कुछ ही देर बाद गौरीकुंड के वन क्षेत्र में रडार से संपर्क टूट गए। हेलीकॉप्टर के इस तरह गायब होने के बाद से ही अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। कुछ ही पल में यह खबर आई कि हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। जमीन से टकराने के बाद हेलीकॉप्टर में आग की लपटें भी देखी गईं।

हादसे की सूचना जंगल की तरफ घास काट रहीं कुछ महिलाओं ने दी। जिसके बाद आपदा प्रबंधन केंद्र सक्रिय हुआ। अभी क्रैश के पीछे की असल वजह सामने नहीं आ पाई है। उत्तराखंड सिविल एविएशन अथॉरिटी (यूकाडा) की सीईओ सोनिका के अनुसार डीजीसीए (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) को सूचित किया गया है। जांच के बाद भी यह साफ हो पाएगा कि हादसा किन कारणों से हुआ। वहीं, चराधाम यात्रा में हेलीकॉप्टर की बढ़ती दुर्घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। डगमगाते हेलीकॉप्टर से यात्रियों का विश्वास भी डगमगा रहा है।

हेलीकॉप्टर में सवार व्यक्तियों का विवरण
1.कैप्टेन राजबीर सिंह चौहान -पायलट (जयपुर)
2.विक्रम रावत बीकेटीसी निवासी रासी ऊखीमठ
3.विनोद देवी निवासी उत्तरप्रदेश उम्र 66
4.तृष्टि सिंह उत्तरप्रदेश उम्र 19 वर्ष
5.राजकुमार सुरेश जायसवाल निवासी गुजरात उम्र 41 वर्ष
6.श्रद्धा राजकुमार राजकुमार जायसवाल निवासी महाराष्ट्र
7.काशी निवासी महाराष्ट्र बालिका उम्र 02 वर्ष

