रुद्रप्रयाग : नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने संभाला कार्यभार

रुद्रप्रयाग : नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने संभाला कार्यभार

“विकास और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना प्राथमिकता” : मुख्य विकास अधिकारी

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

रुद्रप्रयाग जनपद में नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने कार्यभार संभालते ही स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि विकास को वे अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं को गति दी जाएगी और जनता तक इनका लाभ सरलता से पहुँचाया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी राजेद्र सिंह रावत ने अपने प्राथमिक उद्देश्यों में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे महिला स्वयं सहायता समूह, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन इत्यादि के माध्यम से महिलाओं को अधिक से अधिक स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। इससे न केवल महिलाओं की आय में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्य विकास अधिकारी राजेद्र सिंह रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में चल रहे विकास कार्यों की वे स्वयं हर सप्ताह समीक्षा करेंगे और उनकी प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सुगमता से पहुँचे, इसके लिए वे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे।

पूर्व अनुभव से विकास को मिलेगी गति

आपको बता दे कि राजेन्द्र सिंह रावत को प्रशासनिक सेवाओं का व्यापक अनुभव प्राप्त है। रुद्रप्रयाग में पदभार ग्रहण करने से पूर्व वे संयुक्त विकास आयुक्त, आयुक्तालय, ग्राम्य विकास विभाग, पौड़ी गढ़वाल के रूप में कार्यरत थे। इसके अलावा वे जनपद चंपावत में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया। उनके नेतृत्व में चंपावत जनपद में बुनियादी ढांचे से लेकर आजीविका संवर्धन तक, सभी क्षेत्रों में ठोस प्रगति दर्ज की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *