पंचायत चुनाव 2025: रुद्रप्रयाग में मतगणना कार्मिकों को दिया गया द्विपालीय प्रशिक्षण
मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में अगस्त्यमुनि में संपन्न हुआ प्रशिक्षण सत्र
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग में निष्पक्ष एवं व्यवस्थित मतगणना सुनिश्चित करने हेतु आज विकास खण्ड अगस्त्यमुनि के सभागार कक्ष में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण सत्र मुख्य विकास अधिकारी (उप जिला निर्वाचन अधिकारी) राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के कुल 470 मतगणना कार्मिकों को दो पालियों में प्रशिक्षित किया गया। प्रथम पाली का प्रशिक्षण प्रातः 11 बजे से आरंभ हुआ, जिसमें निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों, मतगणना प्रक्रिया, गोपनीयता और निष्पक्षता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी (उप जिला निर्वाचन अधिकारी) राजेन्द्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि मतगणना एक अत्यंत जिम्मेदार एवं संवेदनशील कार्य है, जिसमें प्रत्येक कार्मिक की भूमिका अहम होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त निर्देशों का अक्षरशः पालन करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचें, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनी रहे।
मास्टर ट्रेनरों द्वारा कार्मिकों को मतगणना प्रपत्रों की भराई, बैलट बॉक्स की गिनती, गोपनीयता की सुरक्षा और आवश्यक उपकरणों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि प्रवीण भट्ट, ऊखीमठ की बीडीओ एवं मास्टर ट्रेनर अनुष्का, मुख्य मास्टर ट्रेनर लोकेन्द्र बिष्ट, द्वितीय मास्टर ट्रेनर मनोज बिष्ट, साथ ही एआरओ अतुल सेमवाल, राम प्रकाश नैथानी एवं यशवीर रावत भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रशिक्षण सत्र को प्रभावी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

