केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पुलिस देवदूत बनकर कर रही लोगों की मदद

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पुलिस देवदूत बनकर कर रही लोगों की मदद

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

दिनांक 27/05/2025 को कोतवाली सोनप्रयाग की चौकी लिन्चोली पुलिस को स्थानीय लोगों के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि श्री केदारनाथ मंदिर से 5-6 किलोमीटर पहले गधेरे के पास एक बालक बेसुध हालत में पड़ा है, इस सूचना पर चौकी लिंचोली से पुलिस बल तत्काल मौके के लिए रवाना हुआ, जहां पर एक बालक बेसुधी की हालत में पुलिस को मिला बालक के संबंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि बालक का नाम आयुष, उम्र 18 वर्ष है जो लुधियाना पंजाब का रहने वाला है। तथा घर से बिना बताए श्री केदारनाथ के लिए चला आया है, परिजनों के संबंध में जानकारी कर उनसे संपर्क किया गया तो बालक के परिजनों द्वारा बताया गया कि उनका बेटा घर से अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार जाने को कह कर गया था लेकिन केदारनाथ तक कैसे गया हमें इसकी कोई जानकारी नहीं है जब पुलिस द्वारा बालक की स्थिति के संबंध में बताया गया तो उसके घर वाले काफी घबरा गए, पुलिस द्वारा घर वालों को सांत्वना देते हुए बताया गया कि बालक पुलिस के पास सुरक्षित है, परिजनों द्वारा अवगत कराया गया कि वह लुधियाना पंजाब से बालक को लेने आ रहे हैं तथा बालक को अपने पास ही रखे जाने का निवेदन किया गया।

पुलिस द्वारा बालक को गर्म कपड़े, तथा दवाई दिलायी गई तथा पुलिस भोजनालय में खाना खिलाया गया तदोपरान्त चौकी लिंचोली से सकुशल कोतवाली सोनप्रयाग भिजवाया गया और बीच-बीच में लगातार परिजनों से संपर्क करते हुए बालक की बात उनके घर वालों से करायी गयी। गतदिवस देर रात बालक के परिजन दीपक कुमार पुत्र सतीश कुमार निवासी ताजपुर रोड बाबा जीवन सिंह नगर, निकट सेंट्रल जेल, थाना 7 नंबर, डिवीजन जिला लुधियाना पंजाब के कोतवाली सोनप्रयाग पहुंचने पर बालक को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया। परिजन द्वारा अपने बालक को सकुशल तथा सुरक्षित देखकर पुलिस का आभार प्रकट किया गया साथ ही Uttarakhand Police की प्रशंसा करते हुए तहे दिल से धन्यवाद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *