एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान रुद्रप्रयाग में निशुल्क फास्ट फूड प्रशिक्षण का शुभारंभ

एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान रुद्रप्रयाग में निशुल्क फास्ट फूड प्रशिक्षण का शुभारंभ

युवाओं को उद्यमिता की राह दिखाने की पहल

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरएसईटीआई) रुद्रप्रयाग में 12 दिवसीय निशुल्क फास्ट फूड प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 जनवरी को शुभारम्भ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना और उन्हें फास्ट फूड उद्योग में कुशल बनाना है। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर बैंक अधिकारी अनूप सिंह ने दीप प्रज्वलित करके सभी प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को भविष्य में बैंक से मिलने वाली सहायता, जैसे लोन सुविधाएं और वित्तीय सलाह के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अनूप सिंह ने कहा, “यह प्रशिक्षण न केवल कौशल विकास करेगा, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगा। बैंक हमेशा ऐसे उद्यमियों का समर्थन करने के लिए तैयार है।”

प्रशिक्षण के दौरान, प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह रावत ने उद्यमिता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कम्युनिकेशन स्किल्स, कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट, ग्राहकों से प्रभावी व्यवहार और बातचीत के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। भूपेंद्र सिंह ने प्रतिभागियों को सलाह दी कि ग्राहकों से कैसे जुड़ें, उनकी जरूरतों को समझें और अपने उत्पादों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करें। “उद्यमिता में सफलता का राज अच्छे रिश्तों में छिपा है। ग्राहक संतुष्टि से ही व्यवसाय फलता-फूलता है,” उन्होंने जोर दिया।

मास्टर ट्रेनर सुदेश धीमान द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड उत्पाद तैयार करने की तकनीकें सिखाई जा रही हैं। प्रतिभागी चाऊमीन, मोमोज (कोदे के मोमोज, चीज मोमोज, पनीर मोमोज), सैंडविच जैसे आइटम्स बनाना सीख रहे हैं। सुदेश धीमान ने स्वास्थ्यकर सामग्री व लोकल उत्पादोंके उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि ये उत्पाद न केवल स्वादिष्ट हैं, बल्कि बाजार में अच्छी मांग रखते हैं। प्रशिक्षण में हाइजीन, सामग्री प्रबंधन और पैकेजिंग पर भी फोकस किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बेरोजगारी को कम करने और स्थानीय उत्पादों जैसे कोदे (मिलेट) को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रतिभागी उत्साहित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि यह प्रशिक्षण उन्हें अपना छोटा व्यवसाय शुरू करने में मदद करेगा। कार्यक्रम के अंत में प्रमाणपत्र वितरण किया जाएगा, जो प्रतिभागियों को बैंक लोन और अन्य सहायता प्राप्त करने में सहायक होगा।

One thought on “एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान रुद्रप्रयाग में निशुल्क फास्ट फूड प्रशिक्षण का शुभारंभ

  1. मुलताई में कुछ बैंक, कुछ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बिना पार्किंग के संचालित हो रहे हैं, तथा कुछ लोगों ने पार्किंग के लिए जगह बहुत कम दी है। जो वाहन पार्किंग के लिए पर्याप्त नहीं है। इससे ग्राहको को वाहन खड़े करने में बहुत परेशानी होती है। आखिर बिना पार्किंग के बैंक कैसे संचालित हो रहे हैं। ये तो नियमों का उल्लघंन हो रहा है। सड़क किनारे वाहन खड़े करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। कई बार दुर्घटना तक हो जाती है। सरकारी जमीन पर वाहन खड़े हो रहे हैं । जबकि जिस भवन मे बैंक संचालित होती है उसकी स्वयं की पार्किंग होना जरूरी है। मुलताई में संचालित सभी बैंकों की पार्किंग व्यवस्था की जांच होना चाहिए।
    कुछ बेसमेंट बिना अनुमति के बने हैं। कुछ व्यावसायिक भवनों के नक्शे बिना पार्किंग दिए पास हुए हैं। कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर पक्का अतिक्रमण कर लिया है। जांच होना चाहिए।
    नाम – रवि खवसे
    शहर – मुलताई
    जिला – बैतूल
    राज्य – मध्यप्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *