- 01 से 15 मार्च तक चलाया जा रहा विशेष अभियान
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध रहेगी मतदाता सूची
आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनजर मतदाता सूची को त्रुटिहीन, शुद्ध और परिपूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आगामी 01 मार्च से 15 मार्च 2025 तक जनपद में मतदाता सूची सुधार हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी (नोडल अधिकारी) को विस्तृत कार्ययोजना के साथ ही मतदाता सूची की जांच और सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत की मतदाता सूची को रैंडम चेक करते हुए अभिलेखों से मिलान किया जाएगा, ताकि कोई नाम छूटने न पाए। उन्होंने बताया कि पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जो ग्राम पंचायत क्षेत्र में सामान्यतः निवासी हों और अर्हता पूरी करते हों, उनके नाम सूची में शामिल हैं या नहीं, यह सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रशासकों द्वारा ग्राम पंचायतों में बैठकें आयोजित कर मतदाता सूची को सार्वजनिक किया जाएगा। इच्छुक व्यक्तियों को निःशुल्क आवेदन फॉर्म (प्रपत्र 2, 3 एवं 4) उपलब्ध कराया जाएगा। भरे हुए फॉर्म को संगणक द्वारा अगले दिन संबंधित अधिकारी को सौंपा जाएगा, और तीन दिन के भीतर निस्तारण कर सूची में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आयोग एवं जनपद की वेबसाइट पर अद्यतन मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस विशेष अभियान की जानकारी ग्राम पंचायत स्तर तक पहुँचाने के लिए पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
वर्ष-2019 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनपद में कुल एक लाख, चौरानबे हजार, छह सौ तिरानवे मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 90131 अगस्त्यमुनि विकास खंड में, 70882 जखोली विकासखंड में तथा 33680 विकास खंड ऊखीमठ में पंजीकृत मतदाता थे।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अपडेट करने का अभियान 15 मार्च 2025 तक चलेगा, जिसमें पात्र मतदाताओं को अपने नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और त्रुटियों को सुधारने का मौका मिलेगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। साथ ही सुनिश्चित करें कि उनका नाम सही तरीके से मतदाता सूची में दर्ज हो।

