विकास कार्यों में बरती जा रही अनियमितता का जनता करेगी विरोध, दशज्यूला विकास समिति की बैठक में लिया गया फैसला
रुद्रप्रयाग/ नवक्रान्ति समाचार /देवेंन्द्र चमोली
जनपद के दूरस्थ क्षेत्र दश्ज्यूला में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किये जा रहे निर्माण कार्यों में बरती जा रही अनियमितता पर क्षेत्रीय जनता व जन प्रतिनिधियों द्वारा नाराजी जताई गयी। क्षेत्रीय जनता ने विकास कार्यों में बरती जा रही अनियमितता के खिलाफ बैठक कर समस्त विकास कार्यों की निगरानी के लिये एक निगरानी समिति गठित की गयी व निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही सम्बन्धित विभागों को पत्र लिखकर अवगत कराया जायेगा यदि समय रहते कार्यों की गुणवत्ता ठीक नहीं की गयी तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन के लिये बाध्य होगी।
राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आज जागतोली में दशज्यूला विकास समिति की बैठक सम्पन्न हुई। क्षेत्रीय जनता व जन प्रतिनिधियों की बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे घटिया निर्माण कार्यो का विरोध किया जायेगा। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गाँवों की जनता व जन प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। बक्ताओं ने कहा कि जागतोली-कोटखाल मोटर मार्ग , जरम्वाड मिसिंग लिंक का कार्य, चोपडा गढीधार मोटर मार्ग का कार्य सहित जागतोली में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य में निर्मादायी संस्था द्वारा भारी अनियमितता व
लापरवाही बरती जा रही है। लगातार क्षेत्रीय जनता को हो रही असुविधाओं व घटिया निर्माण कार्यो की शिकायतें आ रही है, जन प्रतिनिधियों द्वारा जानकारी लेने पर उन्हे नजरअंदाज किया जा रहा है। जिसे देखते हुये क्षेत्रीय जनता ने निर्णय लिया कि सम्बन्धित विभागों को पत्र लिखा जायेगा। इसके लिये बैठक में 12 सदस्यीय एक निगरानी समिति का गठन किया गया जिसमें पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह कठैत, सतबीर जग्गी, नागेन्द्र भंडारी, हर्ष बर्धन जग्गी, नरेन्द्र रावत, मकर सिंह नेगी, कमल लाल, सुरेन्द्र सिंह नेगी, सरताज सिंह, बलदेव बर्तवाल को शामिल किया गया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रवीन्द्र जग्गी ने बताया कि यदि षमय रहते कार्यदायी संस्थाओ द्वारा जनता की बात नहीं सुनी गयी तो दशज्यूला विकास समिति आंदोलन के लिये बाध्य होगी। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न गाँवों से दर्जनों की संख्या में जनता व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

