आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे दो किसानों की मौत, दो गंभीर घायल
हरिद्वार / नवक्रान्ति समाचार
आज सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदला और गरज-चमक के साथ हुई तेज बारिश ने दो परिवारों की दुनिया उजाड़ दी।
लक्सर क्षेत्र के हुसैनपुर और जैनपुर गांवों में खेतों में काम कर रहे लोगों पर बिजली गिर गई। हादसे में एक महिला और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मौत की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, हुसैनपुर गांव की रहने वाली भोली देवी पत्नी पवन सुबह खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उसी खेत में काम कर रहीं दो अन्य महिलाएं भी झुलस गईं। ग्राम प्रधान ने बताया कि घायल महिलाओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

