रुद्रप्रयाग में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत पशु चिकित्सा एवं रेबीज टीकाकरण शिविरों का आयोजन
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में आज विभिन्न ग्राम पंचायतों में पशु चिकित्सा एवं रेबीज टीकाकरण शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, रेबीज जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम तथा स्वच्छता के महत्व को लोगों तक पहुँचाना रहा।

ग्राम शीशो में राजकीय पशु चिकित्सालय सुमाड़ीभरदार की टीम द्वारा शिविर लगाया गया। शिविर में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, रोगों की रोकथाम संबंधी जानकारी और रेबीज टीकाकरण किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने मवेशियों को लेकर शिविर में पहुँचे और लाभान्वित हुए।
इसी क्रम में ग्राम पठाली में राजकीय पशु चिकित्सालय उखीमठ की ओर से पशु चिकित्सा एवं टीकाकरण शिविर आयोजित हुआ। यहाँ पशुपालकों को दुधारू पशुओं की देखभाल, पोषण और रोग से बचाव संबंधी जानकारी दी गई। पशुपालकों ने इस शिविर को अत्यंत उपयोगी बताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग रखी।

वहीं, ग्राम कलना शिवानंदी में राजकीय पशु चिकित्सालय सदर एवं सचल टीम की ओर से विशेष शिविर लगाया गया। इसमें पशुओं को रेबीज का टीका लगाया गया, साथ ही स्वच्छता पखवाड़ा के महत्व को रेखांकित करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छ परिवेश और पशुओं की साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

