गांधी-शास्त्री जयंती पर छात्राओं को मिला करियर मार्गदर्शन, कृषि योजनाओं की भी दी जानकारी

गांधी-शास्त्री जयंती पर छात्राओं को मिला करियर मार्गदर्शन, कृषि योजनाओं की भी दी जानकारी

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया और उनके विचारों को बच्चों के साथ साझा किया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह स्वयं एक बेटी होने के नाते घर के निजी कार्यों के साथ प्रशासनिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई करने का आह्वान किया, ताकि वे भविष्य में राष्ट्र और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने भारत के कृषि प्रधान देश होने के नाते कृषि से जुड़े विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला और छात्र-छात्राओं को जैविक एवं अजैविक कृषि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका बबीता राणा ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत शिक्षिका अंजू बिष्ट ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए, जिससे बच्चों का बेहतर मार्गदर्शन हो सके।

इस अवसर पर बाल विकास विभाग के वन स्टॉप सेंटर से पल्लवी, प्रवीण, समाज कल्याण विभाग से गोविंदराम टमटा, विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं एवं प्रयोगशाला सहायक जीत राम पोठियाल उपस्थित रहे।