कुरछोला में घर-घर फीवर सर्वे, ग्रामीणों को डेंगू व जलजनित रोगों से बचाव की दी जानकारी
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जखोली विकासखंड के भरदार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुरछोला में कई ग्रामीणों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर 21 ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। जिनमें से 11 ग्रामीण वायरल बुखार से पीड़ित मिले। 08 ग्रामीणों के रक्त के नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं।
कुरछोला में कुछ ग्रामीणों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 पारूल गोयल द्वारा जिला स्तर से स्वास्थ्य टीम को ग्राम सतनी के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि सवास्थ्य टीम द्वारा गांव में शिविर लगाकर 21 लोगों की जांच कर उन्हें दवा वितरित की गई, 11 ग्रामीण हल्के बुखार व खांसी की समस्या से ग्रसित मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 08 ग्रामीणों के खून के नमूने लिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जखोली को ग्रामीणों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एपिडेमियोलॉस्टि डाॅ. शाकिब के नेतृत्व में गांव के घर-घर भ्रमण कर फीवर सर्वे व लार्वा निरोधात्मक कार्रवाई की गई। डा0 शाकिब ने बताया कि ग्रामीणों को जलजनित रोगों व डेंगू से बचाव व रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य टीम में डाॅ. नितीश काला, माइक्रोबॉयलाजिस्ट मोहित कुमार,एएनएम इंदू शाह, आशा कार्यकत्री संपति देवी आदि शामिल रहे।

