रुद्रप्रयाग पुलिस ने छात्रों को बताए आपातकालीन सेवाओं और साइबर सुरक्षा के उपाय

रुद्रप्रयाग पुलिस ने छात्रों को बताए आपातकालीन सेवाओं और साइबर सुरक्षा के उपाय

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आमजन, विशेषकर छात्र- छात्राओं को आपातकालीन सेवाओं, साइबर अपराधों एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से निरन्तर जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पुलिस टीम द्वारा आज सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज बेलनी रुद्रप्रयाग में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को एकल आपातकालीन नम्बर 112 के उपयोग के सम्बन्ध में जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना, मेडिकल इमरजेंसी, मारपीट, विवाद, असुरक्षा अथवा अन्य किसी आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

 

साथ ही ‘112 India App’ एवं इसमें उपलब्ध पैनिक/SOS फीचर के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए विषम परिस्थितियों में इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि 112 पर प्राप्त सूचना के आधार पर संबंधित क्षेत्र की पुलिस टीम को तत्काल आवश्यक कार्यवाही हेतु सूचित किया जाता है।

 

साइबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत उपस्थित छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए।

पुलिस टीम द्वारा ऑनलाइन गेमिंग में फ्री डायमंड्स/स्किन्स के नाम पर भेजे जाने वाले फर्जी लिंक, अनजान गेमर्स द्वारा फोटो अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त करने के प्रयास, डिजिटल अरेस्ट एवं साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के संबंध में जागरुक किया गया।

साथ ही GRM/MRM पोर्टल आदि के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी गोपनीय जानकारी, ओटीपी अथवा बैंकिंग सम्बन्धी विवरण साझा न करने की अपील की गई।

 

पुलिस टीम द्वारा बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो वह बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कर सकता है। समय पर शिकायत किए जाने से ठगी गई धनराशि को होल्ड कराने की सम्भावना बढ़ जाती है।

 

जागरुकता कार्यक्रम में पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक पुलिस दूरसंचार कपिल नैथानी, अपर उपनिरीक्षक पुलिस दूरसंचार श्री हेमन्त, मुख्य आरक्षी श्री रमेश कोहली, मुख्य आरक्षी पुलिस दूरसंचार श्री पंकज सिंह, पी.आर.डी. जवान श्री सुमित कुमार एवं पी.आर.डी. जवान श्री हेमराज सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।