डीएम विशाल मिश्रा की अभिनव पहल ‘प्रोजेक्ट स्नेह’, अब हर बालिका की बात सुनेगा प्रशासन

डीएम विशाल मिश्रा की अभिनव पहल ‘प्रोजेक्ट स्नेह’, अब हर बालिका की बात सुनेगा प्रशासन

रुद्रप्रयाग/नवक्रांति समाचार

जनपद रुद्रप्रयाग में किशोरियों एवं बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि तथा उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर “प्रोजेक्ट स्नेह” प्रारंभ किया जा रहा है। यह महत्वाकांक्षी अभियान आगामी 1 अगस्त 2026 से पूरे जनपद में संचालित होगा।

प्रोजेक्ट स्नेह का उद्देश्य ऐसी बालिकाओं तक पहुंचना है जो अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक अथवा पारिवारिक समस्याओं को किसी कारणवश अपने परिजनों, शिक्षकों अथवा अन्य लोगों के साथ साझा नहीं कर पाती हैं। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें एक सुरक्षित एवं विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जहां वे खुलकर अपनी बात रख सकें और विशेषज्ञों द्वारा उनका उचित मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग की जा सके।

अभियान के तहत बालिकाओं को करियर मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, किशोरावस्था से जुड़े शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन, स्वास्थ्य एवं पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, कानूनी अधिकार, महिला एवं बाल अधिकार, बाल विवाह निषेध, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, लैंगिक संवेदनशीलता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही उनकी व्यक्तिगत समस्याओं को गोपनीयता के साथ सुनकर आवश्यक परामर्श एवं समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा बहु-विभागीय टीम का गठन किया जाएगा। इस टीम में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहेंगे, जो विद्यालयों में जाकर बालिकाओं से संवाद स्थापित करेंगे तथा उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे।

अभियान के शुभारंभ पर 1 अगस्त से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा बालिकाओं से संवेदनशील संवाद स्थापित करने, प्रभावी काउंसलिंग, मनोवैज्ञानिक पहलुओं की समझ तथा गोपनीयता बनाए रखने सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि टीम अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।

प्रोजेक्ट स्नेह का संचालन तीन चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में जनपद के विद्यालयों में पहुंचकर बालिकाओं से संवाद स्थापित किया जाएगा, उनकी समस्याओं को समझा जाएगा तथा आवश्यक काउंसलिंग प्रदान की जाएगी। द्वितीय चरण में प्राप्त समस्याओं का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि किन परिस्थितियों या कारणों से बालिकाएं अपनी समस्याएं परिवार, मित्रों अथवा अन्य लोगों से साझा नहीं कर पा रही हैं। इसके आधार पर समाधान की रणनीति तैयार कर संबंधित विभागों के सहयोग से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

तृतीय चरण में विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम के सफल संचालन के बाद इस अभियान का विस्तार ग्राम पंचायत एवं विकासखंड स्तर तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किशोरियों एवं बालिकाओं को इस पहल का लाभ मिल सके तथा समाज में उनके प्रति सकारात्मक, सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण का निर्माण हो।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि प्रोजेक्ट स्नेह केवल एक जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि बालिकाओं के विश्वास, सुरक्षा, आत्मसम्मान और उज्ज्वल भविष्य को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालिका को अपनी बात कहने, सुने जाने तथा उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने का अधिकार है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनपद की कोई भी बालिका स्वयं को अकेला या असुरक्षित महसूस न करे तथा आवश्यकता पड़ने पर उसे समय पर उचित सहयोग एवं परामर्श उपलब्ध हो सके।