कुनार बैंड के पास अनियंत्रित होकर वाहन गहरी खाई में गिरा, 4 की मौत, 4 घायल

कुनार बैंड के पास अनियंत्रित होकर वाहन गहरी खाई में गिरा, 4 की मौत, 4 घायल

देवाल / चमोली / नवक्रान्ति समाचार 

कुनार बैंड के पास हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन देवाल से घेस की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुनार बैंड के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरते हुए केल नदी की ओर जा पहुंचा। हादसे के समय वाहन में कुल आठ लोग सवार थे।

घटनास्थल पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK-11TA-4395 (बोलेरो, सफेद रंग) लोसरी गांव से लगभग 100 मीटर आगे घेस की ओर अनियंत्रित होकर लगभग 500-600 मीटर नीचे कैल नदी में जा गिरा। वाहन में कुल 08 व्यक्ति सवार थे।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों, पुलिस एवं DDRF टीम के संयुक्त प्रयास से चार घायलों को सकुशल निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवाल भेजा गया। वहीं चार व्यक्तियों के शवों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।

प्रथम दृष्टया स्थानीय लोगों एवं प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताया गया कि वाहन पहले सड़क किनारे दीवार से टकराया, जिसके बाद पीछे की ओर जाकर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

दुर्घटना में मृतक

1. जानकी देवी पत्नी दान सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी खेता, देवाल।
2. अर्जुन सिंह पुत्र मान सिंह, उम्र 60 वर्ष, निवासी घेस, देवाल।
3. आलम सिंह पुत्र दीवान सिंह, उम्र 54 वर्ष, निवासी घेस, देवाल।
4. दीपू पुत्र चंदन सिंह, उम्र 07 वर्ष, निवासी खेता, देवाल।

घायल

1. हरेंद्र सिंह पुत्र पुष्कर सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी घेस, देवाल (गंभीर घायल)।
2. उमा देवी पत्नी चंदन सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी खेता, देवाल।
3. खड़क सिंह पुत्र मदन सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी खेता, देवाल।
4. हर्षिता पुत्री चंदन सिंह, उम्र 01 वर्ष 06 माह, निवासी देवाल।