डायट रतूड़ा में वृत्तिक परामर्श एवं रोजगार मार्गदर्शन शिविर, 61 डीएलएड प्रशिक्षुओं ने लिया भाग

डायट रतूड़ा में वृत्तिक परामर्श एवं रोजगार मार्गदर्शन शिविर, 61 डीएलएड प्रशिक्षुओं ने लिया भाग

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

जिला सेवायोजन कार्यालय, रुद्रप्रयाग द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, रुद्रप्रयाग में छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय वृत्तिक परामर्श एवं रोजगार मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और रोजगार पोर्टलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राएं रोजगार पंजीयन, रोजगार प्रयाग पोर्टल, विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, PMKVY प्रशिक्षण कार्यक्रम, भारत स्किल प्रतियोगिता 2026, भाषा प्रशिक्षण तथा मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना का लाभ लेकर अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने विशेष रूप से स्किल डेवलपमेंट और प्रतियोगी परीक्षाओं के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ कौशल प्रशिक्षण आज के समय की मांग है। उन्होंने छात्रों से सरकारी पोर्टलों पर समय रहते पंजीकरण करने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।

कार्यक्रम में कुल 61 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान ही कई छात्र-छात्राओं ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2026 के लिए मौके पर पंजीकरण भी कराया।

डायट प्रशासन ने जिला सेवायोजन कार्यालय के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शन शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन रावत, पुष्कर लाल, डायट प्राचार्य विजय कुमार चौधरी एवं प्राध्यापक डॉ विनोद यादव, श्रीमती ममता व अन्य मौजूद रहे।