रुद्रप्रयाग में “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” का हुआ भव्य शुभारंभ

रुद्रप्रयाग में “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” का हुआ भव्य शुभारंभ

  • स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा–2025: जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में हुआ बृहद रक्तदान शिविर आयोजित, युवाओं और मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
  • प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ
  • “स्वच्छता और स्वास्थ्य ही सशक्त समाज की नींव” –जिलाधिकारी
  • योग शिविर, रक्तदान और स्वास्थ्य परीक्षणों से आमजन होंगे लाभान्वित – सीएमओ डॉ. रामप्रकाश

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार 

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा–2025 (17 सितम्बर से 02 अक्टूबर) के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग में आज “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अभियान का शुभारंभ मा० प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। प्रधानमंत्री  का प्रेरणादायी संबोधन भी उपस्थित लोगों ने वर्चुअल माध्यम से सुना और उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस कार्यक्रम के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में मुख्य अतिथि मा० सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी ने भी शिरकत की।

स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत संपूर्ण जनपद में विभिन्न स्वच्छता रैलियाँ, जन-जागरूकता कार्यक्रम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में एक बृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। “Give Blood – Give Hope, Together We Save Lives” की थीम पर आयोजित इस शिविर में युवाओं, मातृशक्ति, अधिकारी-कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर स्वेच्छा से रक्तदान किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश ने जानकारी दी कि इस स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के दौरान जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुँचकर लगभग 192 चिकित्सा शिविरों का आयोजन करेंगी। इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क जाँच, ओपीडी परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है।

डॉ. रामप्रकाश ने बताया कि आज केदारनाथ चिकित्सालय में योग शिविर का भी आयोजन किया गया। इसके साथ ही सोनप्रयाग, नगर पालिका रुद्रप्रयाग, जिला चिकित्सालय तथा अन्य स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पर्यावरण मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान से आमजन विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोग लाभान्वित होंगे।

मुख्य अतिथि मा० सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी ने इस अवसर पर कहा कि “स्वच्छता और स्वास्थ्य ही सशक्त समाज की नींव है। स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। रक्तदान, योग और सामूहिक भागीदारी से हम एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण कर सकते हैं।”

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा–2025 में सक्रिय भागीदारी करें और अपने आस-पास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के साथ-साथ आयोजित हो रहे स्वास्थ्य शिविरों से अधिक से अधिक लाभ उठाएँ।

इस अवसर पर विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *