पौड़ी में काल बना सफर, ईको वैन दुर्घटना में आठ लोगों की गई जान

पौड़ी में काल बना सफर, ईको वैन दुर्घटना में आठ लोगों की गई जान

पौड़ी गढ़वाल / नवक्रान्ति समाचार

पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप यात्रियों से भरी एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में सात महिलाओं और वाहन चालक सहित आठ लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद वे ईको वैन से अपने गांव वापस लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में करीब 12 लोग सवार थे।

 

दुर्घटना में कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल एक महिला ने रिखणीखाल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। हादसे में घायल चार लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हुए। ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को निकालने के लिए भी अभियान चलाया गया।

 

**हादसे में जान गंवाने वाले लोग:**

– कान्ति देवी (45 वर्ष)

– रेखा देवी (42 वर्ष)

– अनिल देबराडा (48 वर्ष)

– सुमित्रा देवी (50 वर्ष)

– सुनीता देवी (45 वर्ष)

– धनेश्वरी देवी (46 वर्ष)

– सरोजनी देवी (38 वर्ष)

– रजनी देवी (25 वर्ष)

 

**घायल:**

– शशी देवी (35 वर्ष)

– शकुन्तला देवी (45 वर्ष)

– जगदीश सिंह

– सत्यवती देवी (36 वर्ष)

 

एक साथ आठ लोगों की मौत से कोटनाली भंगलवाण सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।