नागनाथ पोखरी महाविद्यालय में नशा उन्मूलन पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं ने लिया संकल्प

नागनाथ पोखरी महाविद्यालय में नशा उन्मूलन पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं ने लिया संकल्प

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

आज दिनांक 27.11.2026 को एंटी ड्रग प्रकोष्ठ के तत्वावधान में नशा उन्मूलन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रीटा शर्मा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ एंटी ड्रग सेल की नोडल अधिकारी डॉ. श्वेता द्वारा किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई नशा विरोधी जागरूकता संबंधी लघु फिल्में का प्रदर्शन किया गया। इन वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न प्रकारों, उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों तथा नशे से दूर रहने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

 

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रीटा शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशा युवा पीढ़ी के स्वास्थ्य, भविष्य और सामाजिक विकास के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी विनाशकारी प्रवृत्तियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक युवा को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करना होगा। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए नशे के विरुद्ध सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया।

 

एंटी ड्रग प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी डॉ. श्वेता ने अपने वक्तव्य में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, युवाओं पर इसके नकारात्मक प्रभाव तथा इससे बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से संबंधित किसी भी प्रकार के प्रलोभन एवं दबाव से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता, आत्मसंयम और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से ही नशामुक्त समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।

 

इस अवसर पर डॉ. केवला नंद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति के व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित करने के साथ-साथ उसके भविष्य की संभावनाओं को भी सीमित कर देती है। उन्होंने युवाओं से आत्मसंयम एवं सकारात्मक सोच अपनाने तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. आरती रावत, डॉ. सोहनी, चंदन सिंह एवं चंद्रेश भट्ट तथा छात्रसंघ के विश्वविद्यालय प्रतिनिधि प्रियांशु सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।