टीबी, एचआईवी और सिफलिस की रोकथाम के लिए जांच व जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश

टीबी, एचआईवी और सिफलिस की रोकथाम के लिए जांच व जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

जनपद रुद्रप्रयाग में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मिशन एड्स सुरक्षा, मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीएचसीपी), सिफलिस, एचआईवी-एड्स एवं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, उनकी प्रगति तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए गर्भवती महिलाओं का समय से पंजीकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव तथा नवजात शिशुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए, ताकि उन्हें समय पर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

 

जिलाधिकारी ने मिशन एड्स सुरक्षा एवं एचआईवी-एड्स कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए एचआईवी संक्रमण के प्रति आमजन को जागरूक करने, समय पर जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने तथा इससे संबंधित भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिफलिस की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए समयबद्ध जांच, विशेषकर गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच तथा संक्रमित पाए जाने पर समुचित उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी द्वारा एचआईवी से ग्रसित बच्चों पर विशेष ध्यान देते हुए उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि उन्हें आवश्यक पोषण सामग्री आदि उपलब्ध कराए जा सके।

 

इसके साथ ही राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत हेपेटाइटिस की रोकथाम, जांच एवं उपचार संबंधी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान क्षय रोगियों की पहचान, समय पर जांच, उपचार की निरंतरता तथा उपचाराधीन मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने जनपद में क्षय रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संभावित मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।

 

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, एसीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी, जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ. कुणाल चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।