स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत रुद्रप्रयाग में निकाली गई स्वच्छता जागरूकता रैली

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत रुद्रप्रयाग में निकाली गई स्वच्छता जागरूकता रैली

  • आर्मी बैंड से गुलाबराय मैदान तक गूँजे स्वच्छता के संदेश
  • गुलाबराय मैदान में अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं व आमजन ने ली स्वच्छता की शपथ
  • स्कूली बच्चों ने तख्तियों व नारों से किया आमजन को जागरूक
  • नगर पालिका, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और पर्यावरण मित्रों की रही सक्रिय भागीदारी

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार 

भारत सरकार एवं उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025” के अंतर्गत जनपद के विभिन्न स्थलों पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है इसी क्रम में आज जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतो एवं केदारपुरी में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित हुए, मुख्य कार्यक्रम रुद्रप्रयाग नगर में आयोजित हुवा जहां आर्मी बैंड से गुलाबराय मैदान तक स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट द्वारा आर्मी बैंड स्थल से फ्लैग ऑफ कर किया गया।

रैली में बड़ी संख्या में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, अध्यापकगण, नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग के कर्मचारी, पर्यावरण मित्र तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित हुए। स्कूली बच्चों ने हाथों में स्वच्छता जागरूकता से जुड़े तख्तियां, बैनर और नारे लेकर शहरवासियों को संदेश दिया कि “स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि जीवनशैली का हिस्सा है।” तथा स्वच्छता प्रेरक नारे “एक कदम स्वच्छता की ओर, स्वस्थ जीवन का है यह दौर “स्वच्छता अपनाएँ, बीमारी भगाएँ”, “स्वच्छ भारत का सपना, जनभागीदारी से अपना” आदि नारों से शहर गूंज उठा।

रैली का समापन गुलाबराय मैदान में हुआ, जहाँ उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं आमजनमानस को मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट द्वारा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर, मोहल्ले, कार्यस्थल एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वच्छता की ओर जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण साबित हुई। आने वाले समय में जनपद में इसी प्रकार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी परमेंद्र बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, पर्यावरण मित्र एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *