परकंडी इंटर कॉलेज में करियर काउंसलिंग, कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में शिक्षा-रोजगार की दी जानकारी
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज मुख्य कृषि अधिकारी, रुद्रप्रयाग लोकेंद्र बिष्ट द्वारा राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज परकंडी, विकासखंड ऊखीमठ में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों हेतु करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड ऊखीमठ के समस्त सहायक कृषि अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण तथा लगभग 125 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कृषि, उद्यान, कृषि अभियांत्रिकी, मत्स्य, वानिकी एवं कृषि व्यवसाय आदि क्षेत्रों में उच्च शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उपस्थित 12 किसानों की Farmer Registry का कार्य भी किया गया तथा किसानों को Farmer Registry के महत्व की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय के पीटीए अध्यक्ष श्री यशवीर सिंह रावत द्वारा विद्यालय में प्रवक्ता के पद रिक्त होने तथा सीवर पिट में लीकेज की समस्या से अवगत कराया गया। उक्त समस्याओं से संबंधित जानकारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, रुद्रप्रयाग को उपलब्ध कराने हेतु अवगत कराया गया।
मुख्य कृषि अधिकारी द्वारा विद्यालय में मध्याह्न भोजन, पेयजल की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी, रुद्रप्रयाग को प्रेषित की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उपलब्ध शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, अनुसंधान एवं उद्यमिता के अवसरों से परिचित कराकर उनके भविष्य के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

