सेवा संकल्प अभियान में लोक कलाकारों ने दी सरकारी योजनाओं की जानकारी
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला सूचना विभाग द्वारा जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल मदमहेश्वर घाटी लोक कला मंच द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों में गीत-नाट्य एवं लोकगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक दल के कलाकारों ने लोकगीत एवं गीत-नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं उद्देश्यों की सरल एवं रोचक ढंग से जानकारी दी। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ग्रामीणों को योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री भी वितरित की गई।
इस अवसर पर मदमहेश्वर घाटी लोक कला मंच के अध्यक्ष मदन सिंह राणा ने कहा कि लोकगीत एवं लोकनाट्य हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से सरकार की योजनाओं और जनहितकारी संदेशों को ग्रामीण क्षेत्रों तक सहज एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मंच द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला सूचना अधिकारी श्री कृपाल लाल टम्टा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे माह जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा ग्रामीणों को उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि लोक कला, लोकगीत एवं गीत-नाट्य के माध्यम से दी जाने वाली जानकारी ग्रामीणों तक सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचती है। इसी उद्देश्य से सूचना विभाग द्वारा पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के माध्यम से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकें।

