खेल प्रतिभाओं को निखारने की पहल, एससी वर्ग के बालकों के लिए विशेष वॉलीबॉल शिविर
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्पेशल कंपोनेंट प्लान के अंतर्गत अनुसूचित जाति के अंडर-18 आयु वर्ग के बालकों के लिए वॉलीबॉल खेल का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर के लिए जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल्स 10 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि के खेल मैदान में आयोजित किए जाएंगे।
जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया में बैटरी टेस्ट के आधार पर 24 बालकों का चयन सात दिवसीय विशेष वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर के लिए किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को विभागीय मानकों के अनुसार प्रशिक्षण अवधि में भोजन, आवास, मार्ग व्यय, अनुसांगिक व्यय तथा पुरस्कार की सुविधा प्रदान की जाएगी।
चयन एवं ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाले बालकों को अपने साथ जन्मतिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र तथा एक पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लाना अनिवार्य होगा। चयनित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण शिविर के दौरान अपने साथ खेल किट, स्पोर्ट्स शूज एवं गर्म कपड़े भी लाने होंगे।
यदि किसी प्रतिभागी के पास अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं है, तो वह संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक से अनुसूचित जाति संबंधी प्रमाणित प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकता है।
इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित तिथि एवं समय पर स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि पहुंचकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला खेल कार्यालय अगस्त्यमुनि से मोबाइल नंबर 9719025748, 7579137308 एवं 7060504675 पर संपर्क किया जा सकता है।

