भणगा में जनसंवाद शिविर के दौरान ग्रामीणों ने उठाईं मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं

भणगा में जनसंवाद शिविर के दौरान ग्रामीणों ने उठाईं मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जखोली विकासखंड की ग्राम पंचायत भणगा ग्राम में जन संवाद-जनता दरबार का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सहित पंचायत सदस्य विभिन्न विभागों के ग्राम स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पंचायती राज, ग्राम्य विकास, बाल विकास, सेवायोजन, वन विभाग, कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उनके सवालों के जवाब दिए।

शिविर में ग्राम पंचायत के प्रधान संतोष कुमार पंचायत सदस्यगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रार्थना पत्र सौंपे।

जिला सेवा योजना अधिकारी सुशील चमोली ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित हैं, जिन्हें निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा।

ग्राम पंचायत की पेयजल योजना का समुचित अनुरक्षण न होने पर ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराए जाने के उपरांत भी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन एवं जलाशय की समुचित मरम्मत नहीं की गई है। इसके साथ-साथ ग्राम पंचायत की सभी बस्ती में क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गो का निर्माण न किए जाने पर अत्यधिक गहरा रोष व्यक्त किया गया। शिमिला नामी तोक के ग्रामीणों द्वारा यह भी कहा गया कि की बरसों से हमारे लिए ना तो संपर्क मार्ग का निर्माण किया गया है और ना ही पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सरकार की मंशा है कि जनता की समस्याएं उनके द्वार पर ही सुनी और हल की जाएं।

सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन सिंह रावत द्वारा कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की विभिन्न जनोपयोगी योजनाओं के संबंध में ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उनके द्वारा बताया गया कि विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं हेतु विभाग द्वारा निकट भविष्य में विदेशी जर्मन एवं जापानी भाषा के प्रशिक्षण हेतु लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। उपयुक्त अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन करने पर उन्हें जनपद स्तर पर ही जर्मनी एवं जापानी भाषा का निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार सृजित किया जाएगा।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी गजेंद्र सिंह राणा, राजस्व उप निरीक्षक दीक्षा, नवीन सजवाण तथा ग्राम्य विकास विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी ग्राम रोजगार सेवक एवं क्षेत्रीय ग्रामीण तथा जनप्रतिनिधीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।