निर्माणाधीन स्पोर्ट्स स्टेडियम के विरोध में पंचकोटी गांवों के लोगों ने इसे तत्काल बंद करने की उठायी मांग
अगस्त्यमुनि/नवक्रान्ति समाचार
निर्माणाधीन स्पोर्ट्स स्टेडियम के विरोध में पंचकोटी गांवों के लोगों ने अगस्त्यमुनि खेल मैदान में बैठक कर 17 करोड़ की लागत से बनने वाले इस निर्माण को भ्रष्टाचार की गंगा बताते हुए इसे तत्काल बंद करने की मांग उठायी।
महर्षि अगस्त्य पंचकोटी संघर्ष समिति के बैनर तले पिछले कुछ दिनों से चल रहे स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण के विरोध में खेल मैदान अगस्त्यमुनि में बैठक आयोजित की गयी।
सभा को सम्बोधित करते हुए विश्व मंगलम यज्ञ समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल ने कहा कि यह मैदान मुनि महाराज का है, जिस पर सरकार ने कब्जा कर लिया है। और अब इस पर 17 करोड़ की लागत से स्टेडियम बन रहा है।

शेखर नौटियाल ने कहा कि ये सरकार खुद को सनातनी बताती है इसलिए अगस्त्य ऋषि की भूमि पर सरकार द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण को तुरंत बन्द करना चाहिए। अन्यथा जनता को उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
सभा का संचालन करते हुए राजेश बेंजवाल ने कहा कि ये स्टेडियम जन भावनाओं के विपरीत है। ये एंटी स्पोर्ट्स स्टेडियम बन रहा है, खेल से इसका कोई लेना देना नहीं है, ये भ्रष्टाचार की देन है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा इस निर्माण को रुकवाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इसी मैदान को आधुनिक सुविधाओं के साथ सजाने संवारने के लिए सरकार द्वारा 17 करोड़ की लागत से स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। इस मैदान में ओलंपिक स्तर का 4 सौ मीटर लम्बा सिन्थेटिक ट्रैक बनाया जा रहा है जबकि राष्ट्रीय स्तर का फुटबॉल और बास्केटबॉल ग्राउण्ड भी बनाया जाना है जिससे आने वाले भविष्य में इस मैदान में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं होगी। इससे जहाँ इस क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को इस मैदान में हर रोज अभ्यास करने का अवसर मिलेगा, वहीं वे यहाँ से निकलकर राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर रुद्रप्रयाग जनपद और उत्तराखंड का नाम देश दुनियाँ में गौरवान्वित कर सकते हैं।
आपको बताते चले कि कुछ लोगों द्वारा इस खेल मैदान निर्माण का कार्य जब 40 प्रतिशत हो गया है, तब इसका विरोध किया जा रहा है। जबकि पूर्व में इस मैदान के बड़े हिस्से पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 33 केवी विद्युत सब स्टेशन, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैन बसेरा, शापिंग काम्प्लेक्स व पार्किंग, नगर पंचायत भवन, युवा केन्द्र, सरस विपणन केन्द्र, निर्वाचन कार्यालय, स्पोर्ट्स कार्यालय और हास्टल सहित बहुउद्देशीय मंच का निर्माण किया गया है, जिससे यह विशाल मैदान लगातार सिमटता गया। इस विकास कार्यों का स्थानीय जनता ने हमेशा स्वागत किया है।

