पीड़ा में सरकार जनता के द्वार, योजनाओं की जानकारी के साथ 33 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में जनपद में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड अगस्त्यमुनि के राजकीय इंटर कॉलेज पीड़ा में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर क्षेत्रवासियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित कर योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, पंजीकरण तथा विभागीय सेवाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित विभागों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान एक्स-रे की सुविधा, स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही मरीजों को एचपीवी वैक्सीन भी लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 100 से अधिक मरीजों का एक्स-रे किया गया तथा लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, बीमारियों से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में भी जानकारी दी गई।
शिविर में कृषि, पशुपालन, सैनिक कल्याण, पर्यटन विकास, डेयरी विकास, समाज कल्याण, जिला उद्योग केंद्र सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया तथा मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं सेवाएं उपलब्ध कराईं।
इस अवसर पर युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वयं सहायता समूहों से संबंधित गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही नागरिकों को विभिन्न डिजिटल एवं ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के उपयोग की जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन माध्यम से सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकें।
40 शिकायतों में से 33 का मौके पर निस्तारण
शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें एवं समस्याएं सीडीओ एवं उपस्थित अधिकारियों के समक्ष रखी गईं, जिनमें से 33 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष 07 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में नेटवर्क कनेक्टिविटी सुचारू न होने, सड़क मार्ग की मरम्मत एवं झाड़ी कटान, विद्युत व्यवस्था, आवास, गौशाला सहित अन्य समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर का उद्देश्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी शिविरों में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयावधि में उनका निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए तथा पात्र लोगों को आवेदन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध हो रही है, जिससे लोगों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलती है।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य पवन कुमार, ग्राम प्रधान आशिनी देवी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

