पीड़ा-कंडारा में स्वास्थ्य शिविर, टीबी से लेकर मधुमेह और कैंसर तक की हुई स्क्रीनिंग

पीड़ा-कंडारा में स्वास्थ्य शिविर, टीबी से लेकर मधुमेह और कैंसर तक की हुई स्क्रीनिंग

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में 173 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। अगस्त्यमुनि ब्लाक के ग्राम पीड़ा में आयोजित शिविर में 103 व कंडारा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 70 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के निर्देशन में राजकीय इंटर कॉलेज पीड़ा में आयोजित बहुद्देशीय शिविर के तहत पीड़ा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पारूल गोयल ने स्वयं शिविर स्थल पर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी व स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। स्वास्थ्य शिविर में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की टीम द्वारा 102 ग्रामीणों के टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग की व 08 ग्रामीणों के बलगम नमूने जांच के लिए एकत्र किए। वहीं, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 62 किशोरियों की माहवारी स्वच्छता व पोषण को लेकर काउंसलिंग की गई, साथ ही उन्हें एचपीवी टीकाकरण के बारे में भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य शिविर में 26 लोगों की उच्चरक्तचाप जांच, 12 की मधुमेह जांच, 10 की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग की गई। वहीं, 04 बालिकाओं को एचपीवी टीके लगाए गए।

वहीं, कंडारा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 70 लोगों की उच्च रक्तचाप व मधुमेह जांच की गई, 04 को माहवारी स्वच्छता व 10 को पोषण देखभाल को लेकर परामर्श दिया गया व 01 की प्रसव पूर्व जांच की गई।

स्वास्थ्य टीम में डाॅ. विमलनाथ, फार्मेसिस्ट गोपाल सिंह रौतेला, डीपीसी एनटीईपी मुकेश बगवाड़ी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी दिव्या नेगी, मनीषा, आरकेएसके काउंसलर जयदीप कुमार, परामर्शदाता एनटीसीपी मंजू पुरोहित, एएनएम गीता खन्ना, एलटी निकिता, डाट्स प्लस सुपरवाइजर सुनील राणा, सीनियर लैब सुपरवाइजर हरीश चौधरी, कक्ष सेवक भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।