आम लोगों में चर्चा का विषय बनी डीएम चमोली की शादी
नवक्रान्ति समाचार
चमोली के जिलाधिकारी डा संदीप तिवारी की सादगी एक बार फिर लोगों का दिल जीत लिया। जहां आजकल लोग शादी के नाम पर करोड़ो रूपए खर्च कर रहे हैं और प्री वेडिंग और रिसे्प्शन जैसी रस्में भी कर रहे तो वहीं डीएम चमोली ने इतने सादे तरीके से मंदिर में शादी रचाई की हर ओर उनके ही चर्चे होने लगे।
डीएम चमोली ने इतनी सादगी से की शादी की लोग हो गए कायल
आमतौर पर हमारे समाज में शादी एक ऐसा आयोजन होता है जिसमें परिवार अपना रुतबा और रुआब दिखाने के लिए लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर देते हैं। वर पक्ष को दहेज भी अच्छा खासा चाहिए होता है। लेकिन उत्तराखंड के एक आईएएस डा. संदीप तिवारी ने बेहद सादगी के साथ अपना विवाह करके समाज को नई राह दिखाई है।
बता दें कि डा. तिवारी मौजूदा समय में चमोली के DM हैं। उन्होंने डा. रेखा तिवारी के साथ बेहद ही सादगी के साथ शादी करके एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। उनकी पत्नी डॉक्टर पूजा हल्द्वानी के तीनपानी क्षेत्र की निवासी हैं और वर्तमान में सुशीला तिवारी अस्पताल में ईएनटी विभाग में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
दिलचस्प बात यह है कि विवाह के लिए जिलाधिकारी तिवारी ने कोई छुट्टी नहीं ली, शासकीय कामकाज निपटाने के दौरान ही उन्होंने बीच में समय निकालकर गोपेश्वर कोर्ट में रजिस्टर्ड मैरिज की। फिर नवदम्पति ने गोपीनाथ मंदिर में मत्था टेका और शादी के पवित्र बंधन में बंध गए।
सबसे बड़ी बात यह है कि तैनाती स्थल गोपेश्वर में ही उन्होंने विवाह का रजिस्ट्रशन करवाया और भगवान गोपीनाथ को साक्षी मानकर रस्म पूरी की। वर और वधु पक्ष के परिजन इस विवाह बंधन के साक्षी बने। डीएम ने सीमित संख्या में अपने स्टाफ के लोगों को भोजन पर आंमत्रित कर अपनी खुशी में शरीक होने का मौका दिया।
ऐसा नहीं कि डीएम चमोली डा. संदीप तिवारी ने सिर्फ सादगी के साथ विवाह करके लोगों का दिल जीता है। उन्होंने गोपेश्वर में अपने एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान कई ऐसे काम किए जिनकी वजह से वह लगातार लोकप्रियता के पायदान चढ़ते चले गए। अब एक बार फिर सादे तरीके से शादी कर उन्होंने लोगों का दिल जीत लिया है। चमोली डीएम संदीप तिवारी की शादी सोशल मीडिया से लेकर आम लोगों तक चर्चा का विषय बनी हुई है।

