पर्यावरण मानव जीवन की सर्वोच्च आवश्यकता: जिला जज
जिला जज की अध्यक्षता में मनाया गया हरेला पर्व
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
हरेला पर्व के अवसर पर आज माननीय उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय, नैनीताल के निर्देशन में उत्तराखण्ड राज्य के समस्त जिलों के जजशिप में वृक्षारोपण अभियान की शुरूआत की गयी, जो कि आगामी एक माह तक लगातार जारी रहेगा। इस उपलक्ष्य में जजशिप रुद्रप्रयाग के न्यायालय प्रांगण में हरेला पर्व की शुरूआत माननीय जिला जज सहदेव सिंह के द्वारा वृक्षारोपण करते हुये की गयी, जिनके द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि जीवन की दृष्टि से पर्यावरण मानव जीवन के लिये सर्वोच्च जरूरत है। इसे संरक्षित करना बहुत आवश्यक है। पर्यावरण संरक्षण के लिये वृक्षारोपण अहम पहल है। पर्यावरण से ही मानव-जीवन बनता है, इसलिये हम सबकी भी जिम्मेदारी है कि अपने आस-पास हरियाली बनाये रखने के लिये पेड़-पौधे लगाये जाने चाहिए तथा गंदगी से दूरी बनानी चाहिए।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, रुद्रप्रयाग अशोक कुमार, सिविल जज (सी.डि.), रुद्रप्रयाग सुमन, सिविल जज (जू.डि.), रुद्रप्रयाग जतिन मित्तल, बार एसोसिएशन रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष प्रदीप जगवाण सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, सहायक अभियोजन अधिकारी प्रमोद चन्द्र आर्य, विद्वान अधिवक्ता अरूण प्रकाश बाजपेयी, सुशील चन्द्र भट्ट, कर्णपाल सिंह रौथाण आदि के साथ-साथ वन विभाग रुद्रप्रयाग के कर्मचारी एवं जजशिप रुद्रप्रयाग के समस्त कर्मचारीगण तथा मीडियाकर्मी भी उपस्थित रहे।
सभी ने प्लास्टिक मुक्त हरा-भरा स्वच्छ पर्यावरण बनाये जाने हेतु सभी से सकारात्मक अपेक्षा की गयी है। सभी के प्रयास से आज हरेला पर्व पर वृक्षारोपण अभियान की शुरूआत सफल रही।

