नगर पालिका रुद्रप्रयाग,सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जखोली तथा उद्यान विभाग का उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग एवं जखोली ने किया औचक निरीक्षण
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन के निर्देशों पर उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया द्वारा आज दिनांक 03-12-2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जखोली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. खुशपाल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में सभी कर्मचारी अपने-अपने कक्षों में उपस्थित पाए गए। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जखोली में 07 चिकित्साधिकारी, 05 नर्सिंग अधिकारी, नेत्र सहायक, डेंटल हाइजिनिस्ट, एक्स-रे टेक्नीशियन एवं लैब टेक्नीशियन तैनात हैं। हालांकि, केन्द्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती न होने की जानकारी दी गई।

एक्स-रे कक्ष के निरीक्षण में एक्स-रे टेक्नीशियन द्वारा मरीजों का एक्स-रे कार्य सुचारू रूप से किया जा रहा था। वहीं लैब में विभिन्न प्रकार की जाँचें की जा रही थीं। औषधि भंडार का निरीक्षण फार्मेसी अधिकारी श्री शशिभूषण गौड़ द्वारा कराया गया। स्टॉक पंजिका के अवलोकन में औषधियों का स्टॉक सही पाया गया तथा फार्मेसी में पर्याप्त मात्रा में दवाइयाँ उपलब्ध होने की पुष्टि की गई।
आकस्मिक कक्ष एवं प्रसव कक्ष के निरीक्षण में आज की तिथि पर कोई मरीज भर्ती नहीं पाया गया। मरीजों से पूछताछ में बताया गया कि उन्हें चिकित्सालय में उचित उपचार मिल रहा है तथा स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति कोई शिकायत नहीं है। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था सामान्य पाई गई। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की आवश्यकता पर बल दिया गया।
नगर पालिका एवं उद्यान विभाग का निरीक्षण
वहीं उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी द्वारा नगर पालिका रुद्रप्रयाग में निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में 17 नियमित कर्मचारियों में से 03 अनुपस्थित तथा 17 संविदा कर्मचारियों में से 01 अनुपस्थित पाया गया। वहीं उद्यान सचल दल केंद्र रुद्रप्रयाग में कुल 08 कर्मचारी उपस्थित मिले।
उप जिलाधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में समग्र व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं, साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती एवं चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक कदम उठाए जाने पर बल दिया गया।

