जनगणना के सफल संचालन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
जनगणना 2027 के सफल संचालन हेतु जनपद रुद्रप्रयाग में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उक्त प्रशिक्षण बीते सोमवार से बृहस्पतिवार (25 मार्च) तक तहसील रुद्रप्रयाग में संचालित किया जा रहा है।
आयोजित प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर/ मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट तथा नितीश रावत (जनगणना निदेशालय देहरादून) द्वारा 16 फील्ड ट्रेनरों को जनगणना 2027 के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संकलन, प्रपत्रों का सही तरीके से उपयोग, डिजिटल माध्यमों के प्रयोग के साथ-साथ भवन गणना एवं व्यक्ति गणना के विभिन्न चरणों को विस्तारपूर्वक समझाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक स्तर पर कार्य की सटीकता सुनिश्चित की जा सके। जनपद में जनगणना का प्रथम चरण (भवन गणना) दिनांक 24 अप्रैल से 25 मई के मध्य संपन्न किया जाएगा, जिसके लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना कार्य को पारदर्शी, सटीक एवं समयबद्ध तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
प्रशिक्षण के आगामी चरण में प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर द्वारा जनगणना कार्य में नियुक्त एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे जनगणना 2027 का कार्य सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके।
इस अवसर पर मास्टर ट्रैनरों ने बताया कि जनपद प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

