केदारनाथ यात्रा को लेकर जिलाधिकारी ने सीरोबगड़ लैंडस्लाइड जोन का किया स्थलीय निरीक्षण
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, सुगमता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सक्रिय
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को श्रद्धालुओं हेतु सुरक्षित, स्वच्छ, सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा तैयारियों को युद्ध स्तर पर पूर्ण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा द्वारा यात्रा मार्ग पर स्थित संवेदनशील लैंडस्लाइड जोन सीरोबगड़ का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इस अति संवेदनशील स्थल पर सड़क मार्ग को सुचारू बनाए रखने हेतु किए जा रहे सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्यों का गहन जायजा लिया ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्थानों पर स्थित सार्वजनिक शौचालयों का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, जल उपलब्धता एवं विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। नरकोटा स्थित शौचालय में सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, किन्तु विद्युत व्यवस्था के अभाव पर उन्होंने संबंधितों को शीघ्र विद्युत सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार स्थित मकड़ी बाजार के शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। यहां उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए तथा स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।
जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग श्री केदारनाथ यात्रा 2026 के सफल संचालन हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जा रही हैं।

