रुद्रप्रयाग में जनगणना 2027 की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न, अधिकारियों को दी गई डिजिटल जनगणना की विस्तृत जानकारी

रुद्रप्रयाग में जनगणना 2027 की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न, अधिकारियों को दी गई डिजिटल जनगणना की विस्तृत जानकारी

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

जनपद रुद्रप्रयाग के तहसील सभागार में आयोजित तीन दिवसीय जनगणना 2027 प्रशिक्षण कार्यशाला का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। तीन दिनों तक चली इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यशाला के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रियाओं, नियमों और तकनीकी पहलुओं की गहन जानकारी दी गई। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किए जाने के कारण प्रशिक्षण में विशेष रूप से ऑनलाइन प्रणाली, डेटा एंट्री, मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग तथा तकनीकी सावधानियों पर जोर दिया गया।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा भी प्रशिक्षण सत्र में शामिल हुए। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सटीकता और पारदर्शिता देश की नीतियों और योजनाओं के निर्धारण में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि इस बार जनगणना प्रक्रिया में कई बदलाव किए गए हैं, जिसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग प्रमुख है। ऐसे में यह प्रशिक्षण कार्यशाला सभी अधिकारियों के लिए अत्यंत आवश्यक थी, ताकि वे नई तकनीकों को भली-भांति समझकर कार्य को सुचारू रूप से संपादित कर सकें।
कार्यशाला के फील्ड मास्टर ट्रेनर जसपाल सिंह रावत ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रगणन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को जनगणना से जुड़े सभी तकनीकी बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल जनगणना की बारीकियों, डेटा संग्रहण की विधियों और संभावित समस्याओं के समाधान के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया।उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों का परीक्षण भी किया गया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी अधिकारी जनगणना कार्य के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी, प्रशिक्षु एवं विभिन्न अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *