माँ चंडिका देवरात्रा महोत्सव का श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य समापन
जलयात्रा, महायज्ञ में उमड़ा जनसैलाब
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
क्षेत्र में पिछले छह माह से चल रही माँ चंडिका देवरात्रा यात्रा एवं धार्मिक महोत्सव का रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य समापन हो गया। समापन अवसर पर आयोजित विशाल जलयात्रा, महायज्ञ, कन्या पूजन और भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा और “जय माँ चंडिका” के जयकारों से माहौल गूंज उठा।
सुबह तड़के से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जलयात्रा में शामिल श्रद्धालु ढोल-दमाऊं और भजन-कीर्तन के साथ पूरे क्षेत्र में भ्रमण करते हुए मंदिर पहुंचे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां चंडिका की स्तुति करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इसके बाद मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ विशाल महायज्ञ का आयोजन किया गया। विद्वान आचार्यों एवं पंडितों द्वारा हवन संपन्न कराया गया, जिसमें यज्ञ में आहुतियां देकर क्षेत्र की मंगलकामना की। यज्ञ स्थल पूरी तरह भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि छह माह पूर्व शुरू हुई देवरात्रा यात्रा के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों में धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन, देवी जागरण और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस यात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया।
समापन समारोह में दूर-दराज गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने मां चंडिका के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान कन्या पूजन एवं प्रसाद वितरण भी किया गया।
आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह छह माह लंबा धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
पूरे आयोजन के सफल समापन पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और देर शाम तक मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही जारी रही।

