अल्ट्रासाउंड केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी ने जनपद मुख्यालय में स्थापित 04 अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सभी अल्ट्रासाउंड केंद्र यथावत संचालित पाए गए।
जिलाधिकारी द्वारा प्रदत्त निर्देशन के अनुपालन में उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सीमा टेकचंदानी के नेतृत्व में जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी की 06 सदस्यीय टीम द्वारा जिला चिकित्सालय रूद्रप्रयाग व कोटेश्वर स्थित माधवाश्रम चिकित्सालय के साथ-साथ प्राइवेट चिकित्सालय जन कल्याण हॉस्पिटल, बोहरा नर्सिंग होम में स्थापित अल्ट्रासाउंड केंद्रों में औचक निरीक्षण किया।
टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड केंद्र व उस केंद्र में स्थापित मशीन पर कार्यरत चिकित्सक की वैधता, अल्ट्रासाउंड मशीन का मेक व मॉडल की जांच, ओपीडी रजिस्टर, एएनसी रजिस्टर, फार्म-एफ विवरण व विभिन्न अभिलेखों के रखरखाव की जांच की गई। साथ ही अल्ट्रासाउंड केंद्र में नोटिस बोर्ड डिसप्ले, सीसीटीवी स्थापना, एक्टिव ट्रैकर की क्रियाशीलता आदि का निरीक्षण किया गया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि निरीक्षण में सभी अल्ट्रासाउंड केंद्र नियमानुसार संचालित पाए गए। निरीक्षण दल ने सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालक/रेडियोलॉजिस्ट को नियमानुसार अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित करने की हिदायत दी है।
निरीक्षण दल में तहसीलदार रूद्रप्रयाग जगदीश सिंह नेगी, जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी सदस्य डाॅ. मनीष कुमार, डाॅ. मोनिका राणा, जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी मुकेश बगवाड़ी शामिल थे।

