स्वरोजगार का सुनहरा अवसर, SBI RSETI शुरू करेगा निःशुल्क फास्ट फूड कोर्स
रुद्रप्रयाग/नवक्रांति समाचार
भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI RSETI), रुद्रप्रयाग द्वारा जनपद के युवाओं एवं युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 12 दिवसीय निःशुल्क फास्ट फूड प्रशिक्षण कार्यक्रम शीघ्र प्रारंभ किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियाँ भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फास्ट फूड बनाने की आधुनिक तकनीक, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, व्यवसाय प्रबंधन एवं स्वरोजगार से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही नॉर्थ इंडियन, चाइनीज़, साउथ इंडियन, बिरयानी तथा गढ़वाली व्यंजनों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
संस्थान द्वारा प्रशिक्षण अवधि में रहने, खाने, प्रशिक्षण सामग्री, ड्रेस तथा अन्य आवश्यक सुविधाएँ पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र (Certificate) भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे स्वयं का व्यवसाय शुरू करने अथवा रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में लाभ उठा सकेंगे।
संस्थान के निदेशक ने जनपद के इच्छुक युवक-युवतियों से अपील की है कि वे सीमित सीटों का लाभ उठाने हेतु शीघ्र आवेदन करें और इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएँ।

