‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ पहल बनी प्रेरणा, अधिकारियों ने आगे बढ़कर दान की पुस्तकें

‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ पहल बनी प्रेरणा, अधिकारियों ने आगे बढ़कर दान की पुस्तकें

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा शुरू किए गए “एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं” अभियान को हर दिन नए सहयोगी मिल रहे हैं। इस अभिनव पहल की जिले भर में सराहना हो रही है।

जिला कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ सहायक विनोद कुमार ने बताया कि अभियान के तहत 2018 बैच की आईएएस अधिकारी और वर्तमान में अंडमान निकोबार के उप राज्यपाल की सचिव ज्योति कुमारी ने जिलाधिकारी को पुस्तकें प्रेषित की।

इसी क्रम में सैनिक कल्याण अधिकारी रुद्रप्रयाग एएस बिष्ट और समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा भी जिलाधिकारी से मिले और उन्होंने भी अभियान में पुस्तकें दान कीं।

वरिष्ठ सहायक विनोद कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री पहुंचाना है। उन्होंने समाज के अन्य वर्गों और अधिकारियों से भी इस पुण्य कार्य में जुड़कर पुस्तकें दान करने का आह्वान किया है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से ही “ज्ञान का वृक्ष” मजबूत होगा और जिले के बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनेगा।