जन संवाद में 21 शिकायतें दर्ज, 5 का मौके पर निस्तारण; डीएम ने दिए लंबित शिकायतें शीघ्र निपटाने के निर्देश

जन संवाद में 21 शिकायतें दर्ज, 5 का मौके पर निस्तारण; डीएम ने दिए लंबित शिकायतें शीघ्र निपटाने के निर्देश

रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार

जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आज जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कुल 21 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए जिलाधिकारी ने शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जन संवाद कार्यक्रम में बज्यूण निवासी शिशुपाल सिंह ने पीएमजीएसवाई के तहत निर्माणाधीन सड़क के लिए भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की समस्या रखी। बावई निवासी बृज लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग की। वहीं, बष्टा निवासी कुंवर सिंह ने बताया कि श्रम विभाग में पंजीकृत होने के बावजूद उनकी पुत्री के विवाह के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता उन्हें प्राप्त नहीं हुई है।

 

दरमोला गांव निवासी विक्रम लाल ने बताया कि उनके द्वारा गत 30 जुलाई को आर्थिक सहायता के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन अभी तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। क्यार्क बरसूड़ी निवासी सरोज देवी ने भारी बारिश के कारण उनके आवासीय भवन को उत्पन्न हुए खतरे की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी।

 

इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 111 तथा एल-2 स्तर पर 31 शिकायतें लंबित पाई गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ता को समयबद्ध रूप से राहत उपलब्ध कराई जाए।

 

जन संवाद कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पारुल गोयल, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, अधिशासी अभियंता लोनिवि रुद्रप्रयाग संजीव कुमार सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।