जीआईसी रामाश्रम में पुलिस ने छात्रों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा आमजन और युवा पीढ़ी को साइबर अपराधों के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से एक विशेष जन जागरुकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में आज दिनांक 08 सितंबर 2026 को पुलिस चौकी जखोली (मयाली) के कर्मचारियों द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज रामाश्रम के खेल मैदान खानसौड में उपस्थित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, बाल एवं महिला सुरक्षा तथा यातायात नियमों के विषय में विस्तृत जानकारी देकर जागरुक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वर्तमान समय में तेजी से पनप रहे साइबर खतरों जैसे कि डिजिटल अरेस्ट स्कैम, इन्वेस्टमेंट और ट्रेडिंग फ्रॉड, फेक जॉब एवं वर्क फ्रॉम होम स्कैम, फेक लोन ऐप, क्यूआर कोड फ्रॉड, ओटीपी फ्रॉड, साइबर बुलिंग और ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड के तौर-तरीकों के बारे में बच्चों को विस्तार से समझाया। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति भी विशेष मार्गदर्शन दिया गया।
सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के गुर सिखाते हुए पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को सख्त हिदायत दी कि वे अपना ओटीपी, यूपीआई पिन और पासवर्ड किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। इसके अलावा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात क्यूआर कोड स्कैन करके पिन डालने, सोशल मीडिया पर अति-व्यक्तिगत जानकारी साझा करने और अज्ञात लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट तुरन्त स्वीकार करने से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी के बहकावे में आकर कोई अज्ञात ऐप/APK डाउनलोड न करें, अधिक मुनाफे के लालच में ऑनलाइन निवेश न करें, ऑनलाइन ब्लैकमेल होने पर किसी को पैसे न दें और साइबर बुलिंग का शिकार होने पर तुरंत अपने माता-पिता या किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को सूचित करें।
जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी छात्र-छात्राओं से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या डिजिटल लेन-देन के दौरान “STOP — THINK — VERIFY” (रुकें — सोचें — जांचें) के फॉर्मूले को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही, किसी भी प्रकार की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर तत्काल कॉल करने तथा आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने अपील करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य इंटरनेट के उपयोग से डरना नहीं, बल्कि सतर्कता और समझदारी के साथ इसका सुरक्षित इस्तेमाल करना सीखना है।

