विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ रुद्रप्रयाग में चलेगा सेवा संकल्प अभियान

विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ रुद्रप्रयाग में चलेगा सेवा संकल्प अभियान

रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार

जनपद रुद्रप्रयाग में 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर, 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार की नीतियों, निर्णयों एवं उपलब्धियों तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प से आमजन को जोड़ना है। जिला प्रशासन द्वारा अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में आवश्यक सहयोग एवं समन्वय प्रदान किया जाएगा तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के तहत 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रमुख स्थलों, अमृत सरोवरों, जन औषधि केन्द्रों आदि पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 17 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विकसित भारत 2047 तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

‘सेवा कार्य’ के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं पंजीकृत नाट्य दलों द्वारा सरकार की प्रमुख योजनाओं, नीतियों एवं जनकल्याणकारी पहलों पर आधारित नाट्य मंचन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। वहीं ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केन्द्रों पर अभिभावकों को बच्चों के पोषण, टीकाकरण एवं मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आए बदलावों को भाषण, चित्रकला, वीडियो एवं संवाद के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत 2047 का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षा सहित समाजोपयोगी गतिविधियों में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत जिला प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार की भावना के साथ बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इसके साथ ही ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोली के माध्यम से योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रदर्शन, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत युवाओं के नवाचार को प्रोत्साहन तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ के माध्यम से जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

02 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वदेशी एवं खादी अपनाने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में खेल प्रतियोगिताओं, Fit India Movement तथा विकसित भारत 2047 से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक विभिन्न जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्वच्छता एवं सफाई अभियान, समाजसेवा, छात्र-छात्राओं का कैरियर मार्गदर्शन, वृक्षारोपण, रंगोली, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। इसके साथ ही बच्चों को विभिन्न एक्स्ट्रा करिकुलर गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं को रचनात्मक एवं समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास के साथ-साथ मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।