केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण में हेली सेवा शुरू, मौसम और सुरक्षा मानकों की रहेगी निगरानी
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए आज से हेली सेवाओं का संचालन पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। हेली सेवाओं के माध्यम से विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग एवं ऐसे श्रद्धालु, जो पैदल यात्रा करने में असमर्थ हैं अथवा कम समय में बाबा केदार के दर्शन करना चाहते हैं, लाभान्वित होंगे।
जनपद में निर्धारित 08 हेलीपैडों से निजी हेली सेवा प्रदाता कंपनियों द्वारा हेली सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। हेली सेवाओं के संचालन से पूर्व नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीमों द्वारा संबंधित हेलीपैडों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के उपरांत निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के अनुरूप उड़ान संचालन की अनुमति प्रदान की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा हेली सेवाओं के संचालन के संबंध में डीजीसीए द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। हेली सेवाओं के संचालन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशासन द्वारा हेली सेवाओं के संचालन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। मौसम, दृश्यता, हवा की गति सहित अन्य आवश्यक परिस्थितियों की नियमित निगरानी की जाएगी तथा मौसम एवं सुरक्षा की दृष्टि से परिस्थितियां अनुकूल होने पर ही उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिकूल मौसम अथवा अन्य किसी जोखिम की स्थिति में आवश्यक निर्णय संबंधित सुरक्षा मानकों के अनुरूप लिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने हेली सेवा प्रदाता कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा हेली सेवाओं के संचालन में सुरक्षा व्यवस्था एवं यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्री केदारनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध हो तथा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।

