सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम: किमाणा में ग्रामीणों से संवाद कर समस्याओं का होगा समाधान
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी 22 सितंबर, मंगलवार को विकास खंड ऊखीमठ की दूरस्थ ग्राम पंचायत किमाणा में ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में जिला सूचना अधिकारी श्री के. एल. टम्टा ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के साथ ही संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण किया जा सके।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उन्हें दूरस्थ ग्राम पंचायत किमाणा का भ्रमण करना है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को प्रातः 11 बजे से ग्राम पंचायत में ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने समस्त संबंधित विभागीय अधिकारियों से अपील की है कि उक्त बैठक में निर्धारित समय पर प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जा सके।

