रुद्रप्रयाग में जन संवाद15 शिकायतें दर्ज, सीएम हेल्पलाइन की 117 लंबित शिकायतों के निस्तारण के निर्देश

रुद्रप्रयाग में जन संवाद 15 शिकायतें दर्ज, सीएम हेल्पलाइन की 117 लंबित शिकायतों के निस्तारण के निर्देश

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं आमजन ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जन संवाद कार्यक्रम में कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 103 तथा एल-2 स्तर पर 14 शिकायतें निस्तारण हेतु लंबित पाई गईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करते हुए पोर्टल पर कार्रवाई की अद्यतन स्थिति दर्ज की जाए। साथ ही, शिकायतकर्ता को दूरभाष के माध्यम से की गई कार्रवाई एवं निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

जन संवाद कार्यक्रम में चौरिया क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज चौरिया, विकासखंड जखोली में निर्माणाधीन पुस्ते के ऊपर सुरक्षा रेलिंग निर्माण की मांग रखी। वहीं ग्राम पोखरी निवासी राजन कुमार ने ग्राम पंचायत पोखरी के अंतर्गत रतूड़ा से गथवाड़ू एवं माली तोक तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग की। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों द्वारा गौशाला निर्माण, मुआवजा, सड़क, पेयजल सहित विभिन्न समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन संवाद कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों के साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का भी गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी संदीप भट्ट, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, सहायक अभियंता एनएच प्रेरणा जगूड़ी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।